सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शहर में निकली भव्य पद यात्रा

विशेष संवाददाता चिमन लाल

डीएमसी व सीटीएम रही मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का दिया संदेश

बड़ी संख्या में छात्रों, युवाओं, सामाजिक संगठनों व नागरिकों ने दिखाई सक्रिय भागीदारी

झज्जर,

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल के दिशा-निर्देशन में माय भारत केंद्र द्वारा शहर में भव्य पद यात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता, अखंडता, “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” और आत्मनिर्भर भारत के संदेश से ओतप्रोत इस पद यात्रा ने पूरे शहर के माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में डीएमसी डॉ. सुशील कुमार एवं सीटीएम नमिता कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य अतिथियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई, जिनमें देशभक्ति गीत और राष्ट्रनिष्ठ झांकियां शामिल रहीं। अपने संबोधन में डीएमसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन त्याग, राष्ट्र-सेवा और एकता की भावना का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर आधुनिक भारत की नींव रखने का श्रेय सरदार पटेल को जाता है। आज की पद यात्रा युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करती है।
सीटीएम नमिता कुमारी ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर निकाली गई यह पद यात्रा राष्ट्रीय एकता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि भारत की अखंडता और सुरक्षा के लिए सरदार पटेल का योगदान अमूल्य है और युवा पीढ़ी को उनके मार्गदर्शन से देशहित में कार्य करना चाहिए। मुख्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर पद यात्रा को रवाना किया। यात्रा स्टेडियम से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक, बीकानेर चौक एवं पुरानी तहसील मार्ग से होती हुई पुनः स्टेडियम में सम्पन्न हुई। मार्ग में विभिन्न संगठनों, नागरिकों एवं दुकानदारों ने पुष्प वर्षा और तिरंगे झंडों के साथ पद यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस मौके पर माय भारत केंद्र के जिला युवा अधिकारी बृजेश कोशिक, डिप्टी डीईओ रतेंद्र कुमार व अनिल शर्मा, ईओ (नगर परिषद) बहादुरगढ़ अरुण नांदल, ईओ (नगर परिषद) झज्जर देवेंद्र कुमार, डीएसओ सतेंद्र कुमार, हास्य कवि मा. महेंद्र के अलावा काफी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *