रोहतक के होटल मेनेजमेंट संस्थान में हुआ देसी ठाठ कार्यक्रम

विशेष संवाददाता चिमन लाल

हरियाणा की संस्कृति ही उसका वैभव, इसे आगे बढ़ाएं : गजेंद्र फौगाट

हरियाणा कला परिषद के कलाकारों ने जमाया रंग,सबने चखा देसी खाने का स्वाद

रोहतक

तिलियार झील स्थित होटल मैनेजमेंट संस्थान में “देसी ठाठ” कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें हरियाणा की परंपराओं, खानपान और लोक–अतिथ्य का जीवंत प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फौगाट, पीजीआई के निदेशक डॉ. सिंघल सहित अनेक गणमान्य अतिथि पहुँचे। छात्रों ने सभी मेहमानों का देसी रीति-रिवाजों के अनुसार तिलक, पगड़ी और ढोल की थाप के साथ स्वागत किया। हरियाणा कला परिषद के कलाकारों राजेश,रवि,कल्पना व अन्य ने इस मौके पर लोक गीतों से रंग जमाया। संस्थान के छात्रों ने हरियाणवी व्यंजनों की विशेष प्रस्तुति दी, जिनमें बाजरे की खिचड़ी, कढ़ी, चूरमा, मिस्सी रोटी और अन्य पारंपरिक पकवान शामिल रहे। अतिथियों ने इन व्यंजनों के देसी स्वाद की सराहना की।
इस मौके पर सी एम के ओएसडी व हरियाणा कला परिषद,रोहतक के निदेशक गजेंद्र फौगाट ने कहा, “हरियाणा की संस्कृति ही हमारा वैभव है। युवा पीढ़ी जब लोकसंस्कृति और परंपराओं को अपनाती है तो समाज और राज्य दोनों मजबूत होते हैं। ऐसे कार्यक्रम हमारी जड़ों से जोड़े रखते हैं। उन्होंने खुद के लिखे गीत “सेक्टर आली कोठी मैं नही लागता जी” के बोल भी सुनाए ओर कहा कि हम इंटरनेट के दौर में कहीं अपनी मिट्टी की सुगंध ओर जड़ों को भूल रहे हैं। विशेषकर नई पीढ़ी को इस और ध्यान देने की जरूरत है। कार्यक्रम में छात्रों ने थीम-आधारित स्टॉल, हरियाणवी लोक परिधान और ग्रामीण जीवन की झलक भी प्रस्तुत की। अंत में संस्थान की ओर से अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *