विशेष संवाददाता चिमन लाल
किसान रबी 2025-26 सीजन में गेहूं, चना, सरसों, जौ व सूरजमुखी फसल का करवाएं पंजीकरण
झज्जर,
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के तहत 2025-26 के लिए रबी की फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। उपायुक्त ने जिला के किसानों से आह्वान किया कि वे पीएमएफबीवाई का लाभ लेने के लिए निर्धारित तिथि से पहले अपनी फसलों का बीमा अवश्य करवा लें। उपायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मौजूदा 2025-26 रबी सीजन में गेहूं, चना, सरसों, जौ और सूरजमुखी फसलों का बीमा किया जा रहा है। किसान द्वारा रबी फसलों का देय प्रीमियम बीमित राशि का 1.5 प्रतिशत रहेगा तथा शेष प्रीमियम का भुगतान राज्य और केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेमौसमी बारिश, ओलावृष्टि व जलभराव से फसल में नुकसान होने पर क्लेम खेत स्तर पर देय होगा। इस योजना के तहत किसी गांव में फसल की औसत पैदावार पूर्व निर्धारित पैदावार से कम होने पर क्लेम गांव के सभी बीमित किसानों को दिया जाएगा। फसल कटाई के 14 दिनों के अंदर (फसल सूखने के लिए रखी गई हो) नुकसान होने पर क्लेम खेत स्तर पर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रति एकड़ के हिसाब से गेहूं की फसल के लिए बीमित राशि 32523.80 रुपए और किसान द्वारा दी जाने वाली प्रीमियम राशि 487.86 रुपए, चना के लिए बीमित राशि 15986.31 रुपए और प्रीमियम राशि 239.79 रुपए निर्धारित की गई है। इसी तरह जौ के लिए बीमित राशि 20727.21 रुपए और प्रीमियम राशि 310.91 रुपए, सरसों के लिए बीमित राशि 21829.57 रुपए और प्रीमियम राशि 327.44 रुपए तथा सूरजमुखी फसल के लिए बीमित राशि 22050.13 और किसान द्वारा दिए जाने वाली प्रीमियम राशि 330.75 रुपए निर्धारित की गई हैं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को अपनी फसलों का बीमा करवाना है, वे अपने आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नवीनतम भूमि रिकॉर्ड या जमाबंदी, बुआई प्रमाण पत्र तथा ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ सहित संबंधित बैंक या सीएससी केंद्र (जनसेवा केंद्र) के माध्यम से बीमा करवा सकते हैं।