विशेष संवाददाता चिमन लाल
सरल केंद्र में नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें अधिकारी: डीसी
झज्जर,
उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित अंत्योदय सरल केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरल केंद्र में आने वाले आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं सुविधा स्तर की विस्तार से समीक्षा की। इस अवसर पर उनके साथ डीआईओ अमित बंसल भी थे। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अंत्योदय सरल केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को बिना किसी परेशानी के, निर्धारित समयसीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने पेपर लैस रजिस्ट्रेशन,टोकन व्यवस्था, जमाबंदी,प्रतीक्षा कक्ष, बैठने की सुविधा, स्टॉल टेस्ट, साफ सफाई, संबंधित काउंटर पर सूचना पट्ट लगाने तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि अंत्योदय सरल केंद्र जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसकी कार्यप्रणाली जितनी प्रभावी होगी, उतना ही आमजन का प्रशासन पर विश्वास मजबूत होगा। डीसी ने कहा कि सरल केंद्र में आमजन को निर्बाध रूप से योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए बिजली बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।