विशेष संवाददाता चिमन लाल
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह की मौजूदगी में हुआ हवन-पूजन व भंडारे का आयोजन
झज्जर
पुलिस लाइन झज्जर में शिव मूर्ति स्थापना दिवस के पावन अवसर पर धार्मिक श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हवन-पूजन के साथ की गई, जिसमें भगवान शिव की आराधना करते हुए सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। हवन कार्यक्रम में पुलिस विभाग की महिला कर्मचारी, पुलिस कर्मी, उनके परिजनों और आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया और धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाया। इस अवसर पर पुलिस लाइन परिसर “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।हवन के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। उनका यह स्नेहपूर्ण व्यवहार पुलिस कर्मियों और उनके परिवारजनों के लिए प्रेरणादायक रहा। इस दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। इस कार्यक्रम में डीसीपी मुख्यालय जसलीन सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने आयोजन की सराहना की और इसे पुलिस परिवार के लिए एकता और सामंजस्य का प्रतीक बताया।