जानलेवा हमले के आरोपी को 10 घंटे में किया गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

बहादुरगढ़

थाना आसौदा के अंतर्गत पुलिस चौकी मांडोठी की टीम ने जानलेवा हमले के एक मामले में आरोपी को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले की जानकारी देते हुए चौकी मांडोठी प्रभारी उप निरीक्षक मोहित कुमार ने बताया कि घायल सतेंद्र निवासी गांव घिलौड़ कलां जिला रोहतक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। सतेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी भापड़ोदा के सरपंच प्रतिनिधि प्रमोद के साथ दोस्ती है। शुक्रवार को वह प्रमोद के कार्यालय में गया था, जहां दलजीत उर्फ कालू, मासूम, सागर, गौरव और प्रमोद का गनमैन संदीप मौजूद थे।इसी दौरान संदीप और दलजीत उर्फ कालू के बीच कहासुनी हो गई। स्थिति को संभालने के लिए सतेंद्र और सागर निवासी भापड़ोदा ने संदीप को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया। इससे नाराज संदीप गालियां देने लगा। जब सतेंद्र और सागर कमरे के गेट के सामने खड़े थे, तभी संदीप ने जान से मारने की नीयत से अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से तीन गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली सतेंद्र के पैर में और दूसरी गोली सागर के पैर में लगी। घटना के बाद साथियों ने दोनों घायलों को तुरंत पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही मांडोठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल सतेंद्र के बयान के आधार पर केस दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 10 घंटे के भीतर आरोपी संदीप निवासी डांटा जिला हिसार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर, तीन खाली खोल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी को अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *