विशेष संवाददाता चिमन लाल
रोहतक से पशु प्रदर्शनी के लिए रोज चलेंगी 10 बसें
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि कुरूक्षेत्र में 6 से 8 फरवरी तक सरकार द्वारा राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है, जिसमें पूरे प्रदेश से उत्तम नस्लों का पशुधन इकठ्ठा होगा। जिला के पशुपालक पशु प्रदर्शन का अवश्य भ्रमण करें। इसके लिए निशुल्क यात्रा व ठहरने की भी निशुल्क व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि जिला से पशु प्रदर्शनी के लिए तीनों दिन अर्थात 6 से 8 फरवरी तक प्रतिदिन 10 निशुल्क बसें चलायी जाएंगी। विभाग द्वारा इन बसों में पशुपालकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा पशु मेले में अपना पशु ले जाने वाले पशुपालकों को विभाग की तरफ से आने-जाने का शुल्क दिया जाएगा तथा पशुओं के चारे व पानी की निशुल्क व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी में प्रदेश भर से लगभग 1500 पशुओं के आने की सम्भावना है। इसका उद्देश्य पशुपालकों को न सिर्फ उत्कृष्ट नस्ल के पशुधन से रूबरू करवाना है, बल्कि आधुनिक पशु तकनीकों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी देना भी है। राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शन में ज्यादा से ज्यादा पशुपालकों को शामिल करने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुपालकों के लिए निशुल्क बस यात्रा एवं कुरूक्षेत्र में ठहरने की निशुल्क व्यवस्था की गई हैं। उन्होंने बताया कि पशु मेला में भाग लेने वाले पशुपालकों एवं पशुओं की रहने की व्यवस्था भी विभाग द्वारा की जाएगी। वैसे तो पशु मेले में पशु चिकित्सकों की उपलब्धता 24 घंटे रहेगी परन्तु फिर भी प्रतिभागी पशुपालक अपने पशुओं का बीमा अवश्य करवा कर ले जाये। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में तेजी से बदलते परिवेश में पशुधन पशुपालकों के लिए एटीएम की तरह है। इसलिए इस प्रकार के आयोजनों में पशुपालकों को अवश्य हिस्सा लेना चहिए।
विभाग के उपनिदेशक डॉ. रविंद्र हुड्डा ने बताया कि जिला से लगभग 90 पशुओं का इस मेले में भाग लेने का अनुमान है। रोहतक के उत्कृष्ट नस्लों के विभिन्न पशु इससे पूर्व भी पशु मेलों में बहुत से इनाम जीत चुके है। पशु प्रदर्शनी में कुल 53 कैटेगरी के पशुओं को शामिल किया जाएगा, जिनमें गाय, भैंस से लेकर भेड़, बकरी, घोड़ा, ऊंट सभी शामिल हंै। राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी में अपने पशुओं को ले जाने के इच्छुक पशुपालक अपने पशुओं को 12 अंक का कान का छल्ला अवश्य लगवाएं तथा इस संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए अपने निकटतम पशु चिकित्सालय में शीघ्र संपर्क करें।