विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा शुक्रवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविरों सहित विभिन्न मंचों के माध्यम से जिला प्रशासन को प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने झज्जर जिले से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। डीसी ने बताया कि जिला में आयोजित हो रहे समाधान शिविरों में अभी तक कुल 5559 शिकायत प्राप्त हुई, इनमें से केवल 123 पेंडिंग हैं। पेंडिंग शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
उपायुक्त ने वीसी उपरांत जिलाभर के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान शिविरों के संचालन को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित प्रत्येक शिकायत का समाधान संवेदनशीलता व गंभीरता से करें। नागरिकों की बातों को ध्यान से सुनें और उनको बताएं कि आपकी समस्या का समाधान तय समय सीमा में कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अगली बैठक में अपने विभाग से संबंधित सभी शिकायतों का अद्यतन एवं संपूर्ण डाटा साथ लेकर पहुंचे, ताकि लंबित शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा संभव हो सके। डीसी ने इस दौरान जिला के सभी सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पर आने वाली समस्याओं के समाधान में आपकी भूमिका अहम है। ऐसे में आप शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद हस्ताक्षर करें तथा जिला के नागरिकों की शिकायतों के निवारण हेतु प्रशासन का सहयोग करें। समीक्षा बैठक में एसडीएम झज्जर अंकित कुमार चौकसे, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली डॉ रमन गुप्ता, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, डीआरओ मनबीर, डीडीपीओ निशा तंवर, एसीपी प्रदीप खत्री, इओ एचएसवीपी विजय राठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।