IPS देवेश चंद्र श्रीवास्तव बने तिहाड़ जेल के नए DG, जेल प्रशासन में बड़ा बदलाव

हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील मानी जाने वाली तिहाड़ जेल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. जेल के भीतर से अपराध और गैंग संचालन की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच दिल्ली सरकार ने सख्त छवि वाले आईपीएस अधिकारी देवेश चंद्र श्रीवास्तव को तिहाड़ जेल का नया महानिदेशक (DG Prisons) नियुक्त किया है।गृह विभाग द्वारा 6 फरवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार, यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

1995 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेश चंद्र श्रीवास्तव अब तक दिल्ली पुलिस में स्पेशल सीपी (क्राइम) के पद पर तैनात थे. अपराध नियंत्रण और संगठित अपराध के खिलाफ उनकी सख्त कार्यशैली के लिए उन्हें जाना जाता है. अब उनके सामने तिहाड़ जेल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गैंगस्टरों के नेटवर्क को तोड़ने और जेल की छवि सुधारने की बड़ी चुनौती होगी।

इसी आदेश में 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अनिल शुक्ला को भी नई जिम्मेदारी दी गई है. अब तक स्पेशल सेल की कमान संभाल रहे अनिल शुक्ला को डीजी होम गार्ड्स नियुक्त किया गया है। उपराज्यपाल के निर्देश पर यह दोनों नियुक्तियां की गई हैं।

तिहाड़ जेल लंबे समय से गैंगवार, वीआईपी ट्रीटमेंट और जेल के भीतर से अपराध संचालन को लेकर विवादों में रही है. ऐसे में देवेश चंद्र श्रीवास्तव की तैनाती को जेल में सख्ती और बड़े सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नए डीजी तिहाड़ की व्यवस्था में कितना बदलाव ला पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *