दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का बड़ा बदलाव:दिल्ली मेट्रो में ‘इन-लाइन इंटरचेंज’ सिस्टम होगा लागू

दिल्ली में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने एक बड़ा बदलाव किया है. दिल्ली मेट्रो अब ‘इन-लाइन इंटरचेंज’ नाम का नया सिस्टम लागू करने जा रही है, जिसका मकसद यात्रियों का समय बचाना और यात्रा को ज्यादा सुविधाजनक बनाना है। इन-लाइन इंटरचेंज’ एक ऐसा सिस्टम है जिसमें यात्रियों को लाइन बदलने के लिए स्टेशन के अंदर लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती. अभी इंटरचेंज में यात्रियों को प्लेटफॉर्म से बाहर निकलकर दूसरे प्लेटफॉर्म तक पैदल जाना पड़ता है, जिसमें समय और मेहनत दोनों लगते हैं. लेकिन इस नए सिस्टम में एक ही प्लेटफॉर्म या पास-पास मौजूद प्लेटफॉर्म से सीधे दूसरी लाइन की ट्रेन पकड़ी जा सकती है. यानी ट्रेन से उतरते ही दूसरी ट्रेन में चढ़ना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है।

इस नई व्यवस्था से सबसे बड़ा फायदा समय की बचत का होगा. पीक ऑवर्स के दौरान जहां पहले इंटरचेंज में 5-10 मिनट तक लग जाते थे, वहीं अब ये समय काफी कम हो जाएगा. इसके अलावा भीड़-भाड़ में कमी आएगी और यात्रियों को स्टेशन के अंदर ज्यादा चलना नहीं पड़ेगा. खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों के लिए यह सुविधा बेहद फायदेमंद साबित होगी. दिल्ली में ये अनोखी सुविधा नबी करीम मेट्रो स्टेशन पर देखने को मिलेगी. मजेंटा लाइन का विस्तार जारी है, ये स्टेशन उसी का हिस्सा होगा। यहां एक ही लाइन के दो कॉरिडोर आपस में क्रॉस करेंगे।

इस सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से लागू कर रही है. कुछ इंटरचेंज स्टेशनों पर ये व्यवस्था शुरू हो चुकी है और आने वाले समय में इसे और स्टेशनों तक बढ़ाया जाएगा. मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि यह सिस्टम उन स्टेशनों पर ज्यादा प्रभावी होगा, जहां यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है और इंटरचेंज के दौरान भीड़ ज्यादा रहती है. दिल्ली मेट्रो दुनिया के सबसे व्यस्त मेट्रो नेटवर्क में से एक बन चुकी है. रोजाना लाखों लोग इससे सफर करते हैं. ऐसे में इंटरचेंज स्टेशनों पर भीड़ और समय की समस्या लगातार बढ़ रही थी. इसी को ध्यान में रखते हुए ‘इन-लाइन इंटरचेंज’ जैसी आधुनिक सुविधा लागू की जा रही है, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके और यात्रा आसान हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *