दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली के 42 स्थानों पर 18 से 20 जून तक व्यापक जन कल्याण शिविरों का आयोजन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन शिविरों में केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सीएम ने बुधवार 17 जून को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जन कल्याण शिविरों का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से मिले। इसी उद्देश्य से सभी संबंधित विभागों को इन शिविरों में भाग लेने और मौके पर ही अधिकतम मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अधिकांश शिविर विद्यालय परिसरों में लगाए जाएंगे ताकि नागरिकों को सुविधाजनक और सुलभ स्थान उपलब्ध हो सके। शिविरों में आने वाले लोगों के बैठने, प्रतीक्षा करने और आवश्यक सहायता प्राप्त करने की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। सभी शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इन शिविरों में सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड, ऊर्जा विभाग, परिवहन विभाग, शहरी विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। नागरिकों से संबंधित अनेक कार्यों और आवेदनों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा तथा आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविरों में पिंक कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पंजीकरण एवं ऋण सुविधा, राशन कार्ड संबंधी सेवाएं, आधार पंजीकरण, ई-श्रम कार्ड, जन धन खाता, स्टार्टअप इंडिया तथा एमएसएमई एवं उद्योगों के लिए ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा संबंधी जानकारी एवं लाभ प्राप्त करने की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के कमजोर वर्गों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। शिविरों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली योजना, विधवा पुत्री विवाह सहायता, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन तथा अन्य पेंशनधारकों का रिकॉर्ड अपडेट/नवीनीकरण किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और बीपीएल कार्डधारकों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी शिविरों में उपलब्ध रहेगी। राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को सहायता प्रदान करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा ‘हौसलो की उड़ान’ और टैलेंट हंट कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के अंतर्गत एलपीएससी योजना के माध्यम से जल कनेक्शनों के नियमितीकरण, गृह कर संबंधी सेवाओं तथा पीएम-उदय योजना से संबंधित मामलों के लिए भी नागरिक शिविरों का लाभ उठा सकेंगे। साथ ही, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपने निकटतम जन कल्याण शिविर में पहुंचकर केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जन कल्याण शिविर सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं तथा इनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *