गोगी गैंग की फिरौती की साजिश नाकाम, पीड़ित की पत्नी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: स्पेशल सेल, नई दिल्ली रेंज ने गोगी गैंग की एक बड़ी फिरौती की साजिश को नाकाम करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पीड़ित कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग का सदस्य रजत शामिल है। पीड़ित को अमेरिका से फिरौती के लिए कॉल करवाई गई थी, जिसकी साजिश स्थानीय स्तर पर रची गई।

प्रवीण कुमार त्रिपाठी, डीसीपी , स्पेशल सेल/एनडीआर के मुताबिक 14 जून 2026 को लक्ष्मी नगर के थोक कारोबारी को अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल और मैसेज आए। कॉलर ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताकर 50 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित को उसकी दुकान और घर की तस्वीरें व लोकेशन भी भेजी गई।

इस संबंध में 18 जून 2026 को थाना लक्ष्मी नगर में एफआईआर संख्या 198/2026, धारा 308(4) के तहत केस दर्ज किया गया। बाद में जांच स्पेशल सेल, नई दिल्ली रेंज को सौंपी गई।

इंस्पेक्टर संजय कुमार गुप्ता और इंस्पेक्टर पंकज चौहान के नेतृत्व में एसीपी/एनडीआर श्री विवेक त्यागी की देखरेख में टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर सोनीपत निवासी रजत को चिन्हित किया। रजत पर पहले से शस्त्र अधिनियम के दो और स्नैचिंग का एक मामला दर्ज है। वह जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई समेत गोगी गैंग के कई सदस्यों के संपर्क में था।

25 जून 2026 को रजत को सोनीपत से पकड़ा गया। पूछताछ और मोबाइल जांच में पता चला कि वह एक तरफ अमेरिका में बैठे फिरौती मांगने वाले से संपर्क में था, वहीं दूसरी तरफ पीड़ित की पत्नी और साली से भी बात कर रहा था। रजत ने कबूल किया कि सपना जैन ने ही अपने पति से फिरौती वसूलने, सास की हत्या और पति पर हमला करवाने का काम सौंपा था। इसके बाद रजत और फिर सपना जैन को गिरफ्तार कर लिया गया।

पीड़ित की शादी सपना जैन से वर्ष 2007 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं जिनकी उम्र 17 और 15 साल है। पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। सपना का आरोप था कि सास हमेशा बेटे का पक्ष लेती थी। इसी रंजिश में सपना ने अपनी बहन के दोस्त रजत को हायर किया। पहले पति से फिरौती वसूलने और बाद में सास को मरवाने व पति पर हमला कराने की साजिश रची। सपना ने रजत को अपने पति की पूरी दिनचर्या और मूवमेंट की जानकारी दी थी।

रजत का संपर्क जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई समेत गोगी गैंग के कई सदस्यों से है। करीब तीन साल पहले वह कर्मवीर पहलवान उर्फ मीता के संपर्क में आया था, जो इस समय अमेरिका में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *