उत्तर-पश्चिम जिले की जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 110 पाउच में भरा 424 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सोनू खान पुत्र इस्लाम खान (37), निवासी जहांगीरपुरी के रूप में हुई है। पुलिस को 16 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर से गांजा बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना के बाद एसीपी योगेंद्र खोखर के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर नेत राम मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
टीम ने NDPS एक्ट के तहत सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी के ठिकाने पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वाशिंग मशीन के अंदर छिपाकर रखे गए 110 पारदर्शी पाउचों में गांजा बरामद हुआ।
इस संबंध में थाना जहांगीरपुरी में FIR No. 457/2026, धारा 20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के सप्लाई सोर्स और नेटवर्क की जांच कर रही है।