नई दिल्ली। महरौली थाना पुलिस ने मानवता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए महज 10 घंटे में ऑटो में छूटा 2.5 लाख रुपये नकद से भरा बैग बरामद कर लिया।
अनंत मित्तल, IPS, डीसीपी साउथ डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 10 अगस्त को नागपुर से आए सूरज नामक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उनका बैग गलती से ऑटो में छूट गया है, जिसमें 2.5 लाख रुपये नकद था। उनके पास ऑटो का नंबर भी नहीं था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी महरौली योगिता शर्मा के निर्देशन और एसएचओ महरौली इंस्पेक्टर विजय पाल दहिया के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सुरेंद्र और कांस्टेबल संजय की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। टीम ने रूट के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और कड़ी मशक्कत के बाद संदिग्ध ऑटो को ट्रेस कर उसके मालिक तक पहुंची।
तलाशी में बैग ऑटो की पिछली सीट के पीछे सुरक्षित रखा मिला। ड्राइवर को भी बैग छूटने की जानकारी नहीं थी। पूरा बैग सामान और 2,50,000 रुपये नकद के साथ शिकायतकर्ता को सौंप दिया गया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से “दिल्ली पुलिस – दिल की पुलिस” और “अतिथि देवो भव:” की भावना एक बार फिर चरितार्थ हुई है।