राजधानी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 4 अगस्त की रात कश्मीरी गेट थाने में एक 17 वर्षीय किशोरी ने पहुंचकर सूचना दी कि उसके साथ नोएडा में एक बस के अंदर दुष्कर्म किया गया है।
थाना कश्मीरी गेट पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से नोएडा के सेक्टर-63 में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान परी चौक, ग्रेटर नोएडा से सेक्टर-63 नोएडा के रास्ते में बस के अंदर उसके साथ यह वारदात हुई। वारदात के बाद बस चालक और कंडक्टर ने उसे घटना स्थल से दूर ले जाकर रिंग रोड पर कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में उतार दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए और नए आपराधिक कानूनों के तहत जीरो एफआईआर के प्रावधान का पालन करते हुए, कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने बिना क्षेत्राधिकार (Jurisdiction) के पचड़े में पड़े तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और तुरंत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से कुछ ही घंटों में वारदात में शामिल बस को ट्रेस कर लिया और दोनों आरोपियों – बस चालक और कंडक्टर – को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद नियमानुसार पीड़िता को बाल कल्याण समिति (Child Welfare Committee) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिनके आदेश पर उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।