मध्य जिले के स्पेशल स्टाफ और थाना पटेल नगर पुलिस ने संयुक्त अभियान में कुख्यात बूटलेगर को गिरफ्तार कर अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, 12 सितंबर को सूचना मिली थी कि बालजीत नगर, पटेल नगर में अवैध शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना पर थाना पटेल नगर और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने गली नंबर 21-ए, बालजीत नगर में जाल बिछाया। मौके से आरोपी पंकज उर्फ विशाल उर्फ दीपू (30) को पकड़ा गया।
तलाशी में 17 पेटियों में रखी 850 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। इसमें 12 पेटियों में 600 क्वार्टर फॉल्कन्स संतरा देसी शराब और 5 पेटियों में 250 क्वार्टर नाइट ब्लू मेट्रो शराब (प्रत्येक 180 एमएल) शामिल है। सभी बोतलों पर “For Sale in Haryana Only” लिखा था।
आरोपी के खिलाफ थाना पटेल नगर में एफआईआर नंबर 310/2026, धारा 33 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब हरियाणा से लाकर दिल्ली में सप्लाई करता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पटेल नगर थाने का घोषित बदमाश (BC) है और पहले से लूट, हत्या के प्रयास और आबकारी अधिनियम के 5 मामलों में शामिल रहा है।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर रोहित कुमार के नेतृत्व में और एसीपी ऑपरेशन्स पदम सिंह राणा की देखरेख में की गई।