नई दिल्ली, 21 सितंबर। मध्य जिला के आनंद पर्वत थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ई-रिक्शा से शराब बेच रहे एक तस्कर को गिरफ्तार कर 399 क्वार्टर देसी शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की शाम करीब 06:47 बजे सिपाही ओमप्रकाश रामलीला ग्राउंड, आनंद पर्वत में गश्त पर थे। तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति मंच के पास ई-रिक्शा से अवैध शराब बेच रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी में ई-रिक्शा से 399 क्वार्टर शराब बरामद की।
बरामद शराब पर “संतरा शराब (केवल हरियाणा में बिक्री के लिए)” का लेबल लगा था। आरोपी की पहचान राज नाथ यादव (41), निवासी बलजीत नगर, आनंद पर्वत के रूप में हुई है। आरोपी के पास शराब बेचने का कोई वैध परमिट या लाइसेंस नहीं मिला।
इस संबंध में थाना आनंद पर्वत में FIR No. 523/2026, धारा 33/58 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले पीओपी का काम करता था और जल्दी पैसा कमाने के लालच में हरियाणा से शराब लाकर बेच रहा था।
जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी 6 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
मध्य जिला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब के वितरण पर रोक लगी है।