नई दिल्ली, 30 अक्टूबर। उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू ने आज सिविल लाइंस स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलेज में नॉर्थ जिले के 14वें पिंक बूथ का उद्घाटन किया। इस मौके पर दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, आईपीएस भी मौजूद रहे।
यह बूथ सितंबर 2026 में उपराज्यपाल की कॉलेज यात्रा के दौरान छात्राओं द्वारा दिए गए फीडबैक के आधार पर स्थापित किया गया है। नॉर्थ जिले में पहले से 13 पिंक बूथ संचालित हैं, यह 14वां बूथ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रणनीतिक रूप से स्थित यह बूथ छात्राओं, फैकल्टी और आम जनता के लिए सहायता केंद्र के रूप में काम करेगा। यहां ई-एफआईआर, साइबर अपराध शिकायत, खोया-पाया रिपोर्ट, वेरिफिकेशन सहित महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित सहायता मिलेगी।
डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस की दृश्यता बढ़ाना, छेड़छाड़ व पीछा करने जैसी घटनाओं की रिपोर्टिंग को प्रोत्साहित करना और महिला-केंद्रित सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना है।