नई दिल्ली, 3 नवंबर।
पश्चिमी जिले के राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर झपटमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुल्तानपुरी निवासी राजेश उर्फ रोहित (28) के रूप में हुई है, जो थाना सुल्तानपुरी का बीसी है और पहले से 46 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार 2 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे शिकायतकर्ता कनव कौशिक (26) राजा गार्डन में महाजन इलेक्ट्रॉनिक्स के सामने मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल DL-11-PC-1914 पर सवार दो बदमाशों ने उनका OnePlus 11 5G फोन छीन लिया और चौक की तरफ भाग गए।
शिकायतकर्ता ने हिम्मत दिखाते हुए पीछा किया। कुछ दूरी पर बदमाशों की बाइक खराब हो गई। कनव ने पीछे बैठे बदमाश को पकड़ लिया, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची SI रोहित, HC नवीन और HC मोहन की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर छीना गया फोन और बाइक कब्जे में ली। इस संबंध में थाना राजौरी गार्डन में FIR No. 554/2026 धारा 304(2)/317(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि बरामद मोटरसाइकिल मंगोलपुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसका e-FIR No. 023926 दिनांक 03.10.2026 को दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी कमली उर्फ सुल्तानपुरी के साथ चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर भीड़-भाड़ वाले इलाकों में झपटमारी करता था और पैसों से नशा व निजी खर्च पूरे करता था।
पुलिस ने छीना गया मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद कर दो मामले सुलझाए हैं। फरार साथी की तलाश जारी है।