नई दिल्ली, 10 नवंबर 2026
रोहिणी जिला पुलिस ने “ऑपरेशन मिलाप” के तहत एक बार फिर मानवीयता और तत्परता की मिसाल पेश की है। पुलिस ने घर से लापता हुई 29 वर्षीय युवती को महज 24 घंटे के अंदर सुरक्षित ढूंढकर उसके परिवार से मिला दिया।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को थाना के.एन. काटजू मार्ग पर एक पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवती अपने घर से लापता हो गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर परमोद आनंद के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सुनील और कांस्टेबल संतोष की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
टीम ने युवती के परिजनों से पूरी जानकारी ली और आसपास के इलाकों में डोर-टू-डोर तलाशी शुरू की। दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, ई-रिक्शा चालकों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया।
स्थानीय मुखबिरों की मदद, तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों के चलते पुलिस टीम ने युवती को गुरुद्वारा बंगला साहिब से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने तुरंत उसे अपने संरक्षण में लिया, उसकी पहचान की पुष्टि की, उचित काउंसलिंग की और फिर सुरक्षित रूप से परिवार के हवाले कर दिया।
यह पूरी कार्रवाई एसीपी प्रशांत विहार राम फूल मीणा के पर्यवेक्षण में हुई, जिन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई, बेहतर समन्वय और निरंतर फॉलो-अप सुनिश्चित किया।
पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल (आईपीएस), रोहिणी जिला ने बताया कि “ऑपरेशन मिलाप” लापता बच्चों और युवतियों को उनके परिवारों से मिलाने के लिए चलाई जा रही एक महत्वपूर्ण पहल है, जो दिल्ली पुलिस के मानवीय और समुदाय-उन्मुख दृष्टिकोण को दर्शाती है।
रोहिणी जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बच्चे या युवती के लापता होने की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।