नई दिल्ली, 24 नवंबर। पूर्वी जिला पुलिस ने महिला व बाल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण, जागरूकता व सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की।
सशक्ति पहल के तहत आत्मरक्षा प्रशिक्षण :
सामुदायिक पुलिसिंग सेल ने मयूर पब्लिक स्कूल, मंडावली में छात्राओं को व्यावहारिक आत्मरक्षा तकनीक सिखाईं। साथ ही बाल सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट, बुलिंग, मानव तस्करी, नशा और साइबर सुरक्षा पर जागरूक किया गया। छात्राओं को बसों में एसओएस सुविधा और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
साइबर सुरक्षा जागरूकता :
पीएस साइबर ईस्ट के एसआई अंशुल ने आरएसकेवी, पटपड़गंज में छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग और निजी तस्वीरों के दुरुपयोग से बचाव के उपाय बताए।
संजय झील पार्क में सामुदायिक कार्यक्रम :
पांडव नगर थाना क्षेत्र के संजय झील पार्क में महिलाओं, बच्चियों और स्थानीय लोगों को महिला-बाल सुरक्षा, नशा और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया।
शिष्टाचार स्क्वाड की गश्त :
मधु विहार थाना क्षेत्र के नारवाणा रोड और डिस्ट्रिक्ट पार्क, वेस्ट विनोद नगर में शिष्टाचार स्क्वाड ने सिविल ड्रेस में पैदल गश्त व चेकिंग की। इस दौरान 6 व्यक्तियों को सत्यापन के लिए हिरासत में लिया गया। टीम ने छात्राओं व महिलाओं से सुरक्षा संबंधी समस्याएं सुनीं और बेझिझक शिकायत करने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों के लिए कार्यक्रम :
त्रिलोकपुरी स्थित एक उमंग एनजीओ में बच्चों को सरल आत्मरक्षा तकनीक, गुड टच-बैड टच, अजनबियों से दूर रहने और भरोसेमंद वयस्क से मदद मांगने के बारे में बताया गया।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी तरह के उत्पीड़न, दुर्व्यवहार, संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर : 112 – पुलिस आपातकाल, 1091 – महिला हेल्पलाइन, 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 – साइबर वित्तीय धोखाधड़ी