पुलिस कर्मचारियों की भलाई के लिए आईजी राकेश कुमार आर्य ने लगाया खुला दरबार

रेंज कार्यालय रोहतक पहुंचे पुलिस कर्मचारियों की अधिकतर समस्याओं का मौका पर किया निदान 

रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य द्वारा पुलिस कर्मचारियों की भलाई के लिए खुला दरबार लगाया गया। रेंज कार्यालय रोहतक में बृहस्पतिवार को आयोजित खुला दरबार में उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की एक-एक करके समस्याएं सुनी और अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अपनी समस्याओं को लेकर रेंज कार्यालय पहुंचे पुलिस कर्मियों के चेहरों पर आईजी के प्रोत्साहित करने वाले दिशानिर्देशों ने खुशियां लाने का काम किया। आईजी श्री राकेश कुमार आर्य के पुलिस कर्मचारियों की भलाई के लिए किए गए अभिनव प्रयोग की चर्चा करते हुए पुलिस कर्मियों ने समस्याओं के तुरंत समाधान पर खुशी जताते हुए धन्यवाद किया।

                  बृहस्पतिवार 01 जून 2023 को रोहतक रेंज के आईजी राकेश कुमार आर्य ने पुलिस कर्मचारियों की भलाई को मद्देनजर रखते हुए खुला दरबार का आयोजन किया। रोहतक रेंज कार्यालय में रोजाना की तरह खुला दरबार लगा, लेकिन यह जनता के लिए नहीं, बल्कि पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए था। दोपहर 12-30 बजे शुरू हुए कार्यक्रम बाद दोपहर 3:00 बजे तक चला। समस्या निवारण के लिए रोहतक रेंज के अंतर्गत चारों जिलों रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी तथा भिवानी के 40 से अधिक पुलिस कर्मचारियों ने अपनी अर्जी प्रस्तुत की। जिनमे लगभग 50 प्रतिशत अर्जी तबादलों की थीं। अधिकांश कर्मचारियों ने तबादला की इच्छा रखने का कारण मां-बाप की बीमारी, बच्चों की देखभाल व घर परिवार की समस्याएं बताया। आईजी ने भी अधिकांश पुलिस कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके गृह जिला को छोड़कर किसी को निराश नहीं किया और अर्जी मंजूर करते हुए ट्रांसफर के संबंध में कार्रवाई के आदेश कर दिए गए। तबादलों के अलावा वरिष्ठता सूची, पदोन्नति, इंक्रीमेंट, विभागीय जांच तथा निलंबन से ड्यूटी पर बहाली के मामले भी आए। निलंबन से बहाली के संबंध में झज्जर से पेश हुए एक पुलिस जवान के निवेदन पर तुरंत संज्ञान लेते हुए आईजी श्री राकेश कुमार आर्य द्वारा झज्जर जिला के निलंबित अन्य  जवानों को भी बहाल करने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर आईजी ने किसी को भी निराश ना करते हुए खाली हाथ नहीं जाने दिया। केवल गृह जिला के तबादला को छोड़कर बाकी करीब 97 प्रतिशत फरियादी पुलिस कर्मचारियों की समस्या का मौका पर समाधान कर दिया। 

उल्लेखनीय है कि रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य द्वारा हर माह के प्रथम बृहस्पतिवार को रेंज के अंतर्गत चारों जिला के पुलिस कर्मचारियों की समस्याऐं सुनकर उनके कल्याण व उनकी समस्याओं का निवारण करने के मद्देनजर दिशा निर्देश किए गए थे। निर्धारित किए गए दिन व समय पर रोहतक रेंज का या रोहतक रेंज से संबंधित कोई भी पुलिस कर्मचारी अपनी समस्या रख सकता है। पुलिस कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने व समस्याओं का निवारण कर उनकी भलाई को लेकर सिपाही से उपनिरीक्षक रैंक तक का कोई भी पुलिस कर्मचारी अपनी प्रशासनिक एवं निजी समस्या जिसका जिला स्तर पर समाधान ना हो पा रहा हो, उसके समाधान के लिए रेंज कार्यालय रोहतक आने बारे निर्देश दिए गए थे। समस्या के निवारण हेतु कोई भी पुलिस कर्मचारी बिना किसी औपचारिक अनुमति के भी अपने कार्यस्थल से लिखित में रवानगी करवाने के पश्चात रेंज कार्यालय रोहतक में आ सकता है। प्रत्येक माह के प्रथम बृहस्पतिवार के निर्धारित दिन के अतिरिक्त भी यदि कोई पुलिस कर्मचारी अपनी समस्या निवारण के लिए रेंज कार्यालय आना चाहे तो वह किसी भी कार्य दिवस को आ सकता है।

                 आईजी राकेश कुमार आर्य ने कहा कि यह प्रयास उन पुलिस कर्मियों के लिए है, जो संकोचवश अपनी बात नहीं रख पाते व अपनी समस्याओं को हल नही करवा पाते। जिनके कारण पुलिसकर्मी अक्सर तनाव में रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह काफी जरूरी है क्योंकि जो काम करता है उसी में कमियां भी निकलती है। जिसके लिए उन्हें अपनी समस्याओं को सामने रखकर उनकी बात सुनी गई है और अधिकतर समस्याओं का निवारण भी किया गया है। यह कार्यक्रम पुलिस कर्मचारियों को तनाव से मुक्ति तथा उनके वैलफेयर को मध्यनजर रखते हुए तय किया है जो आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *