विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा झज्जर जिले में आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से साप्ताहिक समीक्षा की गई। इस दौरान डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने शिविरों में प्राप्त शिकायतों, उनके निस्तारण और वर्तमान स्थिति से संबंधित विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह के दिशा निर्देशानुसार समाधान शिविरों के माध्यम से जिला प्रशासन सीधे जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है। शिविरों में अब तक बड़ी संख्या में शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से अधिकांश का निवारण कर दिया गया है। शेष लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजकर निश्चित समयावधि में हल करवाने की कार्रवाई की जा रही है। जिले में 5005 शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं जिनमें से केवल 378 लंबित हैं जिन पर कार्रवाई की जा रही है। सीएम कार्यालय ने जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाधान शिविर जनसुनवाई और सुशासन की एक मजबूत कड़ी साबित हो रहे हैं। इनसे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के आमजन को राहत मिल रही है और शासन-प्रशासन पर उनका विश्वास बढ़ा है। डीसी ने कहा कि आने वाले दिनों में शिविरों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।