AAP पर बरसे PM नरेंद्र मोदी: कहा इन भ्रष्टाचारियों की सम्पत्ति का एक्स-रे मैं करूंगा, भ्रष्टाचारियों से पाई-पाई वसूली जाएगी।

पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार 22 मई को पश्चिमी दिल्ली के द्वारका इलाके में एक चुनावी रैली को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कहा इंडी गठबंधन वालों का वोट देश के काम आने वाला नहीं है, जबकि भाजपा को दिया वोट विकसित भारत का संकल्प मजबूत करेगा।

वहीं आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा- दिल्ली में हम कट्टर भ्रष्टाचारियों का खेल देख रहे हैं। इन्होंने दिल्ली के साथ सबसे बड़ा धोखा किया है।

प्रधानमंत्री ने AAP का नाम लिए बिना कहा कि ‘ये इंडी गठबंधन वाले घोर भ्रष्टाचारी भी हैं, ये लोग रंगे हाथ पकड़े जा रहे हैं, सब जगह इनका भ्रष्टाचार खुलकर सामने आ रहा है। यहां दिल्ली में तो हम कट्टर भ्रष्टाचारियों का खेल देख रहे हैं, इन लोगों ने दिल्ली के लोगों को लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ा। अदालतें भी इन कट्टर भ्रष्टाचारियों की लूट देखकर हैरान हैं। जो लोग राजनीति बदलने आए थे आज वो लोग दिल्ली के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात करके बैठे हैं। जो लोग अदालत के एक निर्णय को लेकर नाच रहे थे। कल का अदालत का निर्णय देखो, पता चल जाएगा इनका चरित्र क्या है।’

आगे उन्होंने कहा, ‘साथियों ये इंडी वाले गरीब और मध्यम वर्ग की संपत्ति का एक्स-रे करना चाहते हैं। इसलिए मैं भी दिल्ली से पूरे देश को एक गारंटी दे रहा हूं, पिछले 10 साल मैंने जो किया है, उससे भी ज्यादा ताकत से बिना डरे हुए, बिना थके हुए, बिना दबाव में आए इन भ्रष्टाचारियों की सम्पत्ति का एक्स-रे मैं करूंगा। शराब घोटाले की कमाई हो या फिर नेशनल हेराल्ड घोटाला हो, भ्रष्टाचारियों से पाई-पाई वसूली जाएगी। जिसने लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा।’

अपने भाषण के दौरान भाजपा सरकार के विकास कार्यों को बताते हुए पीएम ने कहा, ‘आजादी के बाद पहली बार भारत के लोगों ने स्पष्ट रूप से कांग्रेस मॉडल और भाजपा मॉडल का फर्क देखा है। आप कल्पना कर सकते हैं कांग्रेस हर दिन 12 किलोमीटर हाइवे बना पाती थी, मोदी सरकार हर रोज करीब 30 किमी हाइवे बनवा रही है। कांग्रेस 60 साल में ज्यादा से ज्यादा 70 एयरपोर्ट बनवा पाई थी, मोदी ने 10 साल में 70 नए एयरपोर्ट बनवाकर जोड़ दिया। 60 साल में कांग्रेस 380 मेडिकल कॉलेज बनवा पाई, मोदी ने सिर्फ 10 साल में 325 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज बनवा दिए। आज 22 से ज्यादा एम्स हैं। कांग्रेस के राज में 75 प्रतिशत से ज्यादा लोगों के पास नल कनेक्शन नहीं था। आज इतने ही प्रतिशत लोगों के घरों में नल से जल आ रहा है।’

आगे उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने 14 करोड़ से भी कम गैस कनेक्शन दिए थे, मोदी ने अपने 10 साल में 18 करोड़ से ज्यादा नए गैस कनेक्शन दिए हैं। कांग्रेस के समय हम मोबाइल फोन आयात करते थे, आज हम दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मोबाइल फोन निर्यातक बन गए हैं। कांग्रेस के समय बड़ी मुश्किल से कुछ सौ स्टार्टअप्स थे, आज करीब सवा लाख स्टार्टअप्स हैं। कांग्रेस ने भारत की डिफेंस इंडस्ट्री को बर्बाद किया। आज हम 1 लाख करोड़ रुपए से जयादा का डिफेंस प्रोडक्शन कर रहे हैं। कांग्रेस ने बैंकों को बर्बाद किया, आज देश के बैंक 3 लाख करोड़ का लाभ कमा रही हैं। कांग्रेस के राज में उनके प्रधानमंत्री ने कहा था, दिल्ली से 100 पैसा भेजते हैं तो गांव में जाते जाते 15 पैसा पहुंचता है। 85 पैसा वो कौन सा पंजा था जो बीच में लूट लेता था। आज दिल्ली से 1 रुपया निकलता है तो पूरा पैसा लाभार्थी के खाते में जमा होते हैं।’

पीएम ने कहा, ‘मोदी ने 10 साल में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर द्वारा लाभार्थियों के खाते में सीधे पैसे भेजे हैं। इस दौरान हमने 36 लाख करोड़ रुपए भेजे हैं। अगर आज कांग्रेस सरकार होती तो 31 लाख करोड़ रुपए बिचौलिये खा जाते। साथियों देश की कार्य संस्कृति में यह बदलाव सबसे प्रमुख रूप से दिल्ली के लोगों ने देखा है। कॉमनवेल्थ गेम्स को कौन भूल सकता है। कांग्रेस के पास भारत के सामर्थ्य को पूरी दुनिया को दिखाने का मौका था। लेकिन कांग्रेस ने दिल्ली को इतना लूटा कि एक बदनुमा दाग दिल्ली पर लगा दिया। यह कांग्रेस का मॉडल था। आपने देखा इसी दिल्ली में जी20 सम्मेलन हुआ, पूरे विश्व ने भारत की जय जयकार की।’

उन्होंने कहा, ‘ये सब इसलिए हुआ क्योंकि भाजपा का विकास मॉडल नेशन फर्स्ट के लिए कमिटेड है, हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है,जबकि इंडिया गठबंधन का एकमात्र एजेंडा है फैमिली फर्स्ट। देश को नेशन फर्स्ट चाहिए या उनका फैमिली फर्स्ट चाहिए।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *