CM रेखा गुप्ता ने की घोषणा,दिल्ली के बाजार 24 घंटे खुलेंगे

राजधानी दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि सरकार ने दिल्ली के बाजारों को चौबीसों घंटे खुला रखने की अनुमति देने का निर्णय लिया है। साथ ही कहा कि उनकी सरकार के 5 महीने के कार्यकाल में ही दिल्ली की सूरत बदलने लगी है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कालकाजी में एक जन सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सीवेज प्रबंधन, जल निकासी, सड़क निर्माण, जल आपूर्ति व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण और अन्य सेवाओं में तीव्र प्रगति के साथ दिल्ली की सूरत बदलने लगी है। दिल्ली की प्रगति के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि शहर में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी न हो।

सीएम गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन नारी शक्ति को श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि जब विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री सभी महिलाएं हों, तो यह महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण का एक सशक्त प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने ग्रेटर कैलाश की विधायक शिखा रॉय की जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की भी प्रशंसा की। कहा कि वह पिछले 30 साल से निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा कर रही हैं।

जनता की एकता और वोट की शक्ति को नमन करते हुए सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली ट्रिपल इंजन वाली सरकार चुनकर दिल्ली की जनता ने यह दिखा दिया है कि जब विकास के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण और जनकल्याण के लिए सच्ची मंशा हो तो परिवर्तन अवश्यंभावी है।

उन्होंने आगे कहा कि पिछले पांच महीनों में, सीवेज प्रबंधन, जल निकासी, सड़क निर्माण, जल आपूर्ति व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण और अन्य सार्वजनिक सेवाओं में तेजी से प्रगति के साथ दिल्ली की सूरत बदलने लगी है। इसका सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सरकार ने दिल्ली के बाजारों को चौबीसों घंटे खुला रखने की अनुमति देने का निर्णय लिया है। कहा कि व्यापारियों को अब लाइसेंस के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम की शुरुआत से प्रशासनिक प्रक्रियाएं काफी व्यवस्थित हो जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली के नागरिकों की छोटी-छोटी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। चाहे वह नाले की सफाई हो, सड़क की मरम्मत हो या स्थानीय जल निकासी संबंधी समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार राजधानी में किसी भी विकास कार्य के लिए तुरंत सहायता प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन की तर्ज पर शहर को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने का संकल्प लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *