अंतरराज्यीय डकैत गिरोह का भंडाफोड़, बहादुरगढ़ ज्वेलरी शोरूम डकैती मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

आरोपियों के खिलाफ चोरी व डकैती के 6 आपराधिक मामले दर्ज

बहादुरगढ़

पुलिस कमिश्नर झज्जर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में झज्जर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बहादुरगढ़ क्षेत्र में हुई ज्वेलरी शोरूम चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस उपायुक्त (क्राइम) अमित दहिया ने बताया कि यह सफलता अपराध शाखा झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मिली है। टीम ने कड़ी मेहनत, तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बताया कि उमेश निवासी सेक्टर-6, बहादुरगढ़ द्वारा थाना शहर बहादुरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि कबाड़ी मार्केट स्थित उसकी ज्वेलर्स की दुकान है। दिनांक 8 अक्टूबर 2025 की सुबह उसे सूचना मिली कि उसकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पाया गया कि दुकान से सोने-चांदी के आभूषण तथा नकद राशि चोरी हो चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ में तुरंत मामला दर्ज किया गया तथा उच्च अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अपराध शाखा झज्जर की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, एआई आधारित तकनीकी विश्लेषण, साइबर सेल एवं गुप्तचर तंत्र की सहायता से गहन जांच की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली एवं मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर लगातार दबिश (रेड) दी गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परमजीत एवं जसविंद्र निवासी झंगोला, दिल्ली तथा राम सिंह निवासी नांगलोई दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी जसविंद्र के विरुद्ध पूर्व में चोरी के छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि परमजीत व राम सिंह के विरुद्ध भी दिल्ली, हरियाणा एवं मध्य प्रदेश में चोरी व डकैती से संबंधित आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने आगे बताया कि इस मामले में पूर्व में भी एक आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों ने वारदात के दौरान चोरी की गई गाड़ी का प्रयोग किया था, जिसे सबूत मिटाने के उद्देश्य से बाद में यमुना नदी के किनारे दिल्ली में आग लगाकर जला दिया गया। तीनों आरोपियों को माननीय अदालत बहादुरगढ़ में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से चुराये गये आभूषणों की बरामदगी तथा अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी और अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *