अब ये महिलाएं दिल्ली में नहीं कर पाएंगी मुफ्त बस यात्रा

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार फ्री बस सेवा जारी रखेगी. हालांकि सरकार नई शर्त लगाने जा रही है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, मुफ्त बस यात्रा योजना केवल दिल्ली में रहने वाली महिलाओं के लिए उपलब्ध होगी.अधिकारियों ने बताया कि परिवहन विभाग इस योजना का लाभ उठाने के लिए ‘आजीवन’ स्मार्ट कार्ड (Lifetime Smart Card) शुरू करने की कवायद शुरू कर रहा है.

उन्होंने बताया कि दिल्ली की सार्वजनिक बसों (DTC Bus) में मुफ्त यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने की इच्छुक महिलाओं के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जल्द ही शुरू करेगी.

पिछले दिनों मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर पिंक टिकट प्रणाली में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे. इसके बाद अधिकारियों ने इस कदम की जानकारी दी है. अब तक दिल्ली की डीटीसी बसों में महिलाएं फ्री में यात्रा करती हैं. हालांकि उन्हें बसों में सफर के लिए पिंक टिकट लेना होता है.

पिछले दिनों मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ”पिछली सरकार (आम आदमी पार्टी) भ्रष्टाचार और गड़बड़ी कर रही थी, वह अब नहीं चलेगा. हम महिलाओं के लिए कार्ड बनाएंगे ताकि हर महिला को पिंक टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी.”

साल 2019 में भाई दूज के मौके पर आम आदमी पार्टी सरकार ने गुलाबी टिकट योजना शुरू की थी. इसके तहत दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकती हैं. इस योजना के बाद दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाली महिलाओं की संख्या में वृद्धि हुई है.

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की है. अब अगले दो से तीन सप्ताह के भीतर स्मार्ट कार्ड पहल पर काम शुरू होने की उम्मीद है. एक अधिकारी ने बताया कि पात्रता मानदंड के अनुसार, आजीवन स्मार्ट कार्ड केवल दिल्ली में रहने वाली महिलाओं को जारी किया जाएगा, जिससे उन्हें बिना किसी सीमा के कहीं भी, कभी भी यात्रा करने की सुविधा मिलेगी.

यानि दिल्ली से बाहर की महिलाओं का कार्ड अगर नहीं बनता है तो वो फ्री में यात्रा नहीं कर पाएंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *