विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
उपायुक्त झज्जर स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई में सभी विभाग समन्वयित रूप से कार्य करें, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी न हो। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और सूचना मिलते ही निर्माण कार्य ध्वस्त किया जाए। उपायुक्त लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए डीसी ने कहा कि डीटीपी (जिला नगर योजनाकार) के साथ सभी संबंधित विभाग राजस्व, पुलिस, पंचायत, नगर निकाय मिलकर कार्य करें। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि अवैध निर्माण की कार्रवाई के लिए समय पर पुलिस फोर्स उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रशासनिक टीमें बिना किसी बाधा के मौके पर कार्रवाई कर सकें। डीसी ने कहा कि अवैध कॉलोनियों के कारण शहर का योजनाबद्ध विकास बाधित होता है और सरकार को भारी राजस्व नुकसान झेलना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी नई कॉलोनी के निर्माण के लिए सरकार द्वारा तय नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम झज्जर आईएएस अंकित कुमार चौकसे, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बहादुरगढ़ नसीब कुमार, एसडीएम बादली डॉ रमन गुप्ता, डीआरओ मनवीर सांगवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।