विशेष संवाददाता चिमन लाल
ज्यादा से ज्यादा नागरिक अस्पताल में अपनी आंखों को चैक कराएं – पीएमओ
बहादुरगढ़
हरियाणा सरकार की पहल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदेश भर में शुरू किए गए ‘उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा’ अभियान के तहत नागरिक अस्पताल में 207 पात्र लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। यह जानकारी देते हुए नेत्र विशेषज्ञ डॉ मालविका बंसल ने बताया कि शुक्रवार को हिसार से प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा’ अभियान का शुभारंभ किया। जिसका उद्देश्य प्रदेश को अंधत्व मुक्त बनाना है। इसी क्रम में बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में पीएमओ डॉ मंजू कादियान ने 207 लोगों को मुफ्त चश्मे वितरित किए।
पीएमओ डॉ मंजू ने कहा कि जिले में राष्ट्रीय अंधत्व एवं दृष्टि दोष नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में दृष्टिदोष की पहचान कर उन्हें नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए हैं। अभियान आज से शुरू हुआ है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोग नागरिक अस्पताल में अपनी आंखों को चेक कराएं ताकि बीमारी पता लगते ही इलाज शुरू किया जा सके। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा बहादुरगढ़ क्षेत्र में 207 पात्र लाभार्थियों को चयनित किया गया था, जिन्हें आज मुफ्त चश्मे प्रदान किए गए हैं। इस अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग ने एक और महत्वपूर्ण कदम दृष्टि सुधार और जन स्वास्थ्य की दिशा में सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वस्थ एवं रोग मुक्त रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय समय पर अनेक कार्यक्रम चलाएं जा रहे है। उन्होंने आह्वान किया कि बरसात का मौसम चल रहा है। इस मौसम में जल भराव के कारण बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ जाती हैं। बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सजग और सतर्क है। किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण प्रतीत होने पर अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य कराएं और डॉक्टर की सलाह के बाद ही दवाई लें। नागरिक अस्पताल में मलेरिया सहित अन्य प्रकार की लैब टेस्टिंग की सुविधा मौजूद है। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस की सुविधा के लिए 112 पर डायल करें। कार्यक्रम में डीएमएस डॉ. देवेंद्र मेघा , नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मालविका बंसल सहित अन्य डॉक्टर्स और स्टाफ मौजूद रहे।