विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हरदीप सिंह दून, आईपीएस ने झज्जर पुलिस लाइन का दौरा कर पुलिस कंपनी का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई। निरीक्षण के दौरान एडीजीपी ने पुलिस कमिश्नर ऑफिस मे स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था, डायल-112 और लॉ एंड ऑर्डर से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।एडीजीपी हरदीप सिंह दून ने कहा कि हरियाणा पुलिस हर प्रकार के अपराध से प्रभावी ढंग से निपटने में पूरी तरह सक्षम है और प्रदेश में अपराध के आंकड़ों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ईआरएसएस और डायल-112 पर प्राप्त कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया से ही आम जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत होता है।निरीक्षण के दौरान एडीजीपी ने पुलिसकर्मियों को संदेश दिया कि कॉल मिलते ही बिना देरी मौके पर पहुंचें, नागरिकों की बात धैर्यपूर्वक सुनें और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। साथ ही उन्होंने अपनी सेहत का ध्यान रखने और गुड पुलिसिंग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और सड़कों पर हुल्लड़बाजी करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिले के सभी एसएचओ व एसीपी को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा डीवीआर को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों की जांच और अपराधियों की पहचान में सीसीटीवी कैमरे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरे के अंत मे उन्होंने झज्जर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्कता बरतने का आह्वान किया।