एसडीएम ने रोहतक मंडी में जाकर ढेरी व खरीद कार्यों का लिया जायजा

विशेष संवाददाता चिमन लाल

सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से की जाए धान की खरीद : आशीष कुमार एसडीम

रोहतक,

एसडीएम आशीष कुमार ने धान खरीद कार्य सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने मंगलवार को रोहतक अनाज मंडी में अधिकारियों के साथ खरीद कार्यों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। आशीष कुमार ने कहा कि किसानों को मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
  एसडीएम आशीष कुमार ने मंडी में चल रही खरीद एवं उठान कार्य की समीक्षा की और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा धान खरीद में पारदर्शिता, समय पर भुगतान और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूरे किए जाएं ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इससे पहले एसडीएम आशीष कुमार ने अपने कार्यालय में धान खरीद को लेकर खरीद एजेंसियों, मंडी एसोसिएशन तथा किसान यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने खरीद कार्यों को लेकर प्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श किया और आश्वासन दिया कि खरीद कार्यों को लेकर कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बैठक में धान में नमी, टूट व चमक को लेकर चर्चा की गई। बैठक में मंडी सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन भी किया गया। इस कमेटी में हैफेड प्रतिनिधि, किसान यूनियन प्रतिनिधि, आढ़ती यूनियन के प्रतिनिधि व डीएफएससी प्रतिनिधि को शामिल किया गया है। यह कमेटी मंडियों में आने वाली धान की ढेरी का अवलोकन करेगी ताकि खरीद सुचारू रूप से चलती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *