झज्जर
पुलिस लाइन झज्जर के ग्राउंड में एसीपी दिनेश कुमार ने ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात स्पेशल पुलिस ऑफिसरों की एक महत्वपूर्ण मीटिंग लेकर नशे, अपराध तथा युवाओं में फैल रही नकारात्मक प्रवृत्तियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान एसीपी ने सभी एसपीओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जागरूकता गतिविधियाँ चलाएँ और युवाओं को खेल, शिक्षा तथा समाज-सेवा की ओर प्रेरित करें। एसीपी दिनेश कुमार ने कहा कि आज के समय में युवाओं को भटकाने वाली परिस्थितियाँ तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में पुलिस और समाज दोनों की संयुक्त ज़िम्मेदारी है कि हम उन्हें सही दिशा दिखाएँ। उन्होंने बताया कि गाँवों में खेल गतिविधियाँ बढ़ाने से न सिर्फ युवाओं का शारीरिक विकास होता है, बल्कि वे नशे और अपराध जैसी प्रवृत्तियों से भी दूर रहते हैं। खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ाने का मजबूत माध्यम है, जिसे गाँव-गाँव तक पहुँचाने की आवश्यकता है। इसके लिए वे विद्यालयों, पंचायत भवनों और युवाओं की बैठकों में नियमित रूप से जाकर नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूकता फैलाएँ। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह समझाना बेहद जरूरी है कि नशा न सिर्फ उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि उनके भविष्य, परिवार और समाज पर भी इसका विपरीत प्रभाव पड़ता है। नशे की वजह से अपराध दर बढ़ती है, पारिवारिक तनाव पैदा होता है और समाज की शांति भंग होती है। इसलिए सभी को अपने-अपने दिए गए गांव में जाकर युवाओं को अच्छा प्रशिक्षण देना है और उनकी सहायता करनी है।