क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई – 15 साल बाद दबोचा गया 20 हजार का इनामी बदमाश

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर 2026

सेंट्रल रेंज, क्राइम ब्रांच ने 15 साल से फरार चल रहे कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रविंदर उर्फ सोनू उर्फ चिकना (52) के रूप में हुई है, जो पुलिस से बचने के लिए दिलबाग सिंह के नाम से रह रहा था। उस पर 20,000 रुपये का इनाम घोषित था।


11 मई 2011 को सुबह करीब 7:30 बजे सचिन अरोड़ा मॉर्निंग वॉक पर थे। ओम कारेश्वर मंदिर, मानसरोवर गार्डन के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी सोने की चेन लूटी और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। भागते समय बदमाशों ने एक अन्य व्यक्ति को चाकू दिखाकर उसकी कार भी लूट ली थी।

मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी सुरेश कुमार को पकड़ लिया था, जिसके पास से बटनदार चाकू और 4 सोने की चेन बरामद हुई थीं। बाद में उमेश और सुमित भी पकड़े गए, लेकिन रविंदर फरार हो गया। 2011 में ही उसे कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर दिया था।


पुलिस से बचने के लिए आरोपी पहले कोलकाता में एक साल रहा, फिर बरेली चला गया और 2017 में दिल्ली लौटकर रोहिणी में बस गया। यहां वह मायापुरी की एक फैक्ट्री में ड्राइवर का काम कर रहा था।

ACP सत्येंद्र मोहन और इंस्पेक्टर विनय कुमार की देखरेख में SI रितेश, जय कुमार, विकास सोलंकी और टीम ने रोहिणी से उसे 17 अक्टूबर को धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक आरोपी आदतन जुआरी है और पहले भी जुए और मारपीट के 6 मामलों में शामिल रह चुका है। जुए के शौक को पूरा करने के लिए वह चेन स्नैचिंग और लूटपाट करने लगा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *