विशेष संवाददाता चिमन लाल
एसडीएम रेणुका नांदल ने अधिकारियों के साथ विभिन्न गांवों का दौरा कर खेल सुविधाओं का लिया जायजा
बेरी, (झज्जर)
एसडीएम बेरी रेणुका नांदल ने उपमंडल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं को उन्नत करने के उद्देश्य से गांव बहराणा, डीघल, शेरिया, पलड़ा व दूबलधन स्थित खेल स्टेडियमों व विद्यालय के खेल मैदानों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेडियम में उपलब्ध खेल संसाधनों का निरीक्षण करते हुए जरूरी निर्देश दिए। एसडीएम रेणुका नांदल ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को लेकर प्रशासन प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्टेडियमों में आधुनिक खेल उपकरण, हाई क्वालिटी ट्रैक, और खिलाडिय़ों के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं की आवश्यकता है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को खेल सुविधाओं के लिए एक विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने स्टेडियम परिसर में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि क्षेत्र के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर स्कूल प्रिंसिपल रोहतास दहिया, कोच नवीन कुमार, ललित सहित अन्य खेलों से जुड़े कोच व अधिकारीगण उपस्थित रहे।