छात्राओं ने किया थाना शहर झज्जर का शैक्षणिक भ्रमण, पुलिस कार्यप्रणाली से करवाया गया अवगत

झज्जर

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, झज्जर की छात्राओं को थाना शहर झज्जर का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को पुलिस की कार्यशैली, कानून व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी देना था।थाना परिसर में पहुँचने पर छात्राओं का मार्गदर्शन थाना प्रबंधक शहर झज्जर निरीक्षक बलदेव द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को पुलिस विभाग की दैनिक कार्यप्रणाली, थाने में होने वाले कार्य, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा आमजन की सहायता में पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। निरीक्षक बलदेव ने डायल 112 के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता का सशक्त माध्यम है, जिसका सही समय पर उपयोग जीवन रक्षक सिद्ध हो सकता है।इस अवसर पर छात्राओं को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग तथा व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के उपाय बताए गए। साथ ही महिला विरुद्ध अपराधों से संबंधित कानूनों, सहायता सेवाओं और आत्मरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री जोगिंदर धनखड़ ने पुलिस प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और कानून के प्रति सम्मान बढ़ाते हैं। उनके साथ अनु देशवाल, सुशीला, सिंपल, पूनम चाबा सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *