जाली नोटों के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, 2 नेपाली तस्कर गिरफ्तार

बीते शनिवार को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए मोतिहारी पुलिस मुख्यालय के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने अंतरराष्ट्रीय जाली मुद्रा तस्कर गिरोह से जुड़े दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया है।यह कार्रवाई सीमावर्ती पनटोका पंचायत क्षेत्र अंतर्गत बार्डर पिलर संख्या 393 के पास ग्रामीण रास्ते के समीप की गई। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने दी।

एसपी ने बताया कि बिहार एसटीएफ, पूर्वी चंपारण जिला पुलिस एवं एसएसबी के बीच समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें नेपाल के मकवानपुर जिला निवासी तिलक बहादुर थापा (पिता-स्व. रामबहादुर थापा) एवं नवलपरासी जिला अंतर्गत पिपरासी थाना क्षेत्र निवासी सरोज कुमारी महतो (पिता-स्व. जगन्नाथ महतो) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों तस्करों के पास से ₹18,500 मूल्य की भारतीय जाली मुद्रा, तीन मोबाइल फोन, एक पासपोर्ट तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस संबंध में आईसीपी रोड स्थित हरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि पुलिस मुख्यालय को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान जाली नोटों के रैकेट से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अभियुक्त कई दिनों से भारतीय जाली मुद्रा के अवैध कारोबार में संलिप्त थे। ये बिहार, उत्तर प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल में जाली नोटों के नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान से भेजी गई जाली मुद्रा को नेपाल के रास्ते भारत में खपाया जाता था।
फिलहाल हरैया (पिपरासी) थाना द्वारा आवश्यक अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार दोनों तस्करों को सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोतिहारी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *