विशेष संवाददाता चिमन लाल
रोहतक,
उपायुक्त एवं जवाहर नवोदय विद्यालय के अध्यक्ष सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला के गांव घुसकानी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में जिला स्तरीय प्रेरणा उत्सव आयोजित किया गया। इस उत्सव के लिए जिला के 157 राजकीय विद्यालयों के कुल 2693 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन प्रेरणा पोर्टल पर पंजीकरण करवाया था। जिला स्तरीय कार्यक्रम के नोडल विद्यालय के रूप में जवाहर नवोदय विद्यालय का चयन किया गया। कार्यक्रम में चयनित 164 विद्यार्थियों ने अपने एस्कॉट्र्स के साथ प्रात: 9 बजे विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों का मूल्यांकन तीन प्रमुख गतिविधियों कविता लेखन, निबंध लेखन एवं चित्रकला के माध्यम से किया गया। सभी गतिविधियों की थीम विकसित भारत 2047 तथा मुझे प्रेरणा के लिए क्यों चयन किया जाए निर्धारित की गई थी। विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपनी सृजनात्मकता, वैचारिक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक द्वारा नामित मूल्यांकन समिति ने प्रतिभागियों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन किया। कुल 164 विद्यार्थियों में से प्राप्त अंकों के आधार पर 30 विद्यार्थियों का चयन किया गया। तत्पश्चात चयनित 30 विद्यार्थियों का साक्षात्कार विशेषज्ञ पैनल द्वारा आयोजित किया गया। आगामी अप्रैल माह में गुजरात राज्य के वडनगर स्थित प्रेरणा स्कूल में सहभागिता हेतु अंतिम रूप से एक छात्र एवं एक छात्रा का चयन किया गया। वडनगर वही ऐतिहासिक स्थान है, जहाँ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की थी। चयनित विद्यार्थियों को प्रेरणा स्कूल में आयोजित विशेष आवासीय कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही उन्हें गुजरात के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूकता में वृद्धि होगी। इस कार्यक्रम की सफलता में जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक एवं डीपीसी कार्यालय के राजेश मलिक का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय एवं सराहनीय योगदान दिया। विद्यालय के प्राचार्य सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने सभी स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार इस उपलब्धि पर चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देता है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करता है।