विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल झज्जर के होनहार विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में पदक जीतकर लौटे इन प्रतिभाशाली छात्रों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह द्वारा सम्मानित किया गया।इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता अनुशासन, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास का परिणाम होती है। ऐसे विद्यार्थी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज वालिया एवं समस्त स्टाफ ने भी छात्रों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बच्चों को आगे बढ़ने के भरपूर अवसर प्रदान करता है। पदक विजेता विद्यार्थी इस प्रकार रहे—
स्वर्ण पदक विजेता: अभिनव (अंडर-19 मुक्केबाजी 75–81 किग्रा), दीपांशु (अंडर-17 कुश्ती 45 किग्रा), ऋतिक (अंडर-19 कुश्ती 57 किग्रा), अंकित (अंडर-14 कुश्ती 38 किग्रा) एवं वंश (अंडर-14 तैराकी 100 मीटर बटरफ्लाई)।
रजत पदक विजेता: तनुज (अंडर-19 भारोत्तोलन 81 किग्रा), वंश (अंडर-14 तैराकी 200 मीटर बटरफ्लाई) एवं जानवी (अंडर-17 कुश्ती 73 किग्रा)।
ताम्र पदक विजेता: पलक (अंडर-14 मुक्केबाजी 36 किग्रा)।इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।