डीसी ने किया गांव खिड़वाली में पौधारोपण, आमजन से किया पौधारोपण अभियान से जुड़ने का आह्वान

विशेष संवाददाता चिमन लाल

रोहतक,

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने जिला के नागरिकों से एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है। युवा शक्ति मंच खिड़वाली द्वारा गांव में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्तमान समय में बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग से निजात पाना एवं इस धरा के भविष्य को सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पेड़ वायु प्रदूषण को कम करने में मदद करते हैं और स्वच्छ हवा प्रदान करते हैं। पेड़ जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने में भी सहायक हैं। पेड़ मिट्टी के क्षरण को रोकते हैं और उसकी गुणवत्ता में सुधार करते हैं। इनसे जैव विविधता को बढ़ावा मिलता है और विभिन्न प्रजातियों को आवास मिलता है। उन्होंने कहा पेड़ों से न केवल पर्यावरण को लाभ होता है, बल्कि ये मानव स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद हैं।
उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की थी। इस अभियान की अपील करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भी सभी नागरिकों से इस पहल के माध्यम से रहने योग्य एक बेहतर पृथ्वी के निर्माण और सतत विकास में योगदान देने का अनुरोध किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश में वृक्षों की संख्या बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण करना और लोगों को पौधारोपण के प्रति जागरूक करना है। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करना था।
उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने युवा शक्ति मंच की सराहना करते हुए कहा कि मंच से जुड़े हुए लोग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। आज के कार्यक्रम में गांव की मुख्य सडक़ के साथ लगभग 200 पौधे लगाए गए। मंच के पदाधिकारी ने इन सभी पौधों के रखरखाव की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है। उपायुक्त ने गांव की गौशाला का भी निरीक्षण किया। युवा शक्ति मंच खिड़वाली तथा गौशाला खिड़वाली के पदाधिकारी ने उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह को सम्मान स्वरूप स्मृतिचिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर मंच के प्रधान रामकरण उर्फ घोबा, अभिमन्यु जेई, संदीप सिंह, मनजीत सिंह सहित गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *