विशेष संवाददाता चिमन लाल
श्रमिकों के विवरण बारे प्रस्तुत करनी होगी मासिक रिपोर्ट : उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने उद्योगों और फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों का मासिक ब्यौरा लेने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आज अपने कैंप कार्यालय में श्रम विभाग की योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। डीसी ने कहा कि मासिक रिपोर्ट में यह विवरण होना चाहिए कि संबंधित उद्योग अथवा फैक्ट्री में कितने श्रमिक काम कर रहे हैं। उनमें से प्रवासी श्रमिकों की संख्या कितनी है। इसके साथ ही इस रिपोर्ट में घायल श्रमिकों का भी विवरण होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जो उद्योग अथवा फैक्ट्री संचालक मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करता तो उसे नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उद्योग व फैक्ट्री को नियमों की पालना सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों के सभी बच्चों के स्कूलों में दाखिले करवाना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि श्रम विभाग औद्योगिक संगठनों के साथ मिलकर हर महीने कम से कम चार जागरूकता शिविर आयोजित करें। इन शिविरों में मजदूरों को न केवल सरकार की योजनाओं व उनके अधिकारों की जानकारी दी जाए बल्कि उनके स्वास्थ्य की भी जांच की जाए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बैठक में चाइल्ड लेबर व बंधुआ मजदूरी के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की गई है। जिला में मौजूदा समय में 11273 लाभार्थी हैं। इन लाभार्थियों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत मौजूदा वित्त वर्ष में लगभग 8 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने लघु उद्योगों व फैक्ट्रियों में क्रैच व पेयजल आदि सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर दिशा निर्देश जारी किए। बैठक में खनन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने निर्देश दिए कि ट्रैकों की नियमित रूप से जांच की जाए। खनन सामग्री ले जाने वाले ट्रैकों के पास सभी जरूरी कागजात होना जरूरी है। बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, विकास हुड्डा, सहायक श्रम आयुक्त राहुल, बलराज कुंडू सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।