दिल्ली : आउटर नॉर्थ में फिरौती के लिए अपहरण की साजिश नाकाम, 8 साल का बच्चा सकुशल बरामद

नई दिल्ली, 4 सितंबर।

आउटर नॉर्थ जिले के थाना भलस्वा डेयरी पुलिस ने आधी रात से सुबह तक चले ऑपरेशन में अपहृत 8 वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर फिरौती की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है।


2 सितंबर को मुकुंदपुर निवासी महिला ने शिकायत दी कि उनके 8 साल के बेटे का अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं ने व्हाट्सएप कॉल कर पहले 80 लाख रुपये और बाद में 40 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। शिकायत पर थाना भलस्वा डेयरी में FIR No. 552/26 U/s 140(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ACP स्वरूप नगर रविंदर अहलावत की देखरेख में SHO भलस्वा डेयरी इंस्पेक्टर राकेश राणा और SI महेश के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने CDR, CAF और संदिग्ध व्हाट्सएप नंबरों की तकनीकी जांच और मुकुंदपुर, बुराड़ी व आसपास के इलाकों में रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया।

सुबह तक पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर 2 आरोपियों – राहुल (18) और शुभम (18) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 4 विधि विरुद्ध बालकों (CCL) को भी पकड़ा गया है।


जांच में खुलासा हुआ कि एक नाबालिग ने कई दिनों तक बच्चे को टॉफी-चॉकलेट देकर भरोसा जीता और 2 सितंबर को बहला-फुसलाकर साथियों के हवाले कर दिया। दूसरा नाबालिग पीड़ित की बड़ी बहन के साथ एक ही क्लास में पढ़ता था। वह परिवार के साथ रहकर उन्हें सांत्वना देता रहा और पुलिस की गतिविधियों की जानकारी साथियों को देता रहा।

बच्चे को मेडिकल जांच के बाद मां को सौंप दिया गया है।
“टीम भलस्वा डेयरी की त्वरित कार्रवाई से मासूम की जान बचाई गई और फिरौती की साजिश को शुरुआत में ही विफल कर दिया गया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *