दिल्ली के करोल बाग में 20.87 ग्राम हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली। “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत मध्य जिला की एंटी-नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता मिली है। सेल ने टैंक रोड, करोल बाग इलाके में ट्रैप लगाकर एक महिला ड्रग पेडलर को 20.87 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान खुशबू (26), निवासी करोल बाग के रूप में हुई है। उसके कब्जे से हेरोइन की 5 पुड़िया और 1,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं, जो ड्रग तस्करी से कमाए गए बताए जा रहे हैं।

कैसे हुआ ऑपरेशन – 22 जुलाई को सिपाही दीपक को सूचना मिली थी कि प्रसाद नगर इलाके में महिलाएं नशे की सप्लाई कर रही हैं। सूचना पर SI पंकज कुमार और ASI मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर राहुल सिंह अधिकारी की देखरेख में 23 जुलाई को टैंक रोड पर जाल बिछाकर आरोपी को उस वक्त पकड़ा गया, जब वह ग्राहक को माल सप्लाई करने आई थी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह द्वारका से हेरोइन लाकर प्रसाद नगर और किशनगंज रेलवे झुग्गियों में सप्लाई करती थी। वह जानबूझकर हेरोइन को छोटी-छोटी पुड़ियों में रखती थी ताकि NDPS एक्ट की सख्त धाराओं से बचा जा सके। आरोपी पहले अवैध शराब और जुए के मामलों में भी शामिल रह चुकी है।

इस संबंध में थाना प्रसाद नगर में FIR No. 249/2026, धारा 21(b) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उसके सप्लायर और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *