दिल्ली के करोल बाग में 45 लाख की सोने की चोरी का खुलासा, 3 गिरफ्तार

मध्य जिला पुलिस ने करोल बाग थाना क्षेत्र में हुई 400 ग्राम सोने की ज्वेलरी चोरी की वारदात को 72 घंटे में सुलझा लिया है। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गई पूरी ज्वेलरी बरामद कर ली है, जिसकी कीमत करीब 45 लाख रुपये है।

ट्रैफिक पुलिस बनकर दिया वारदात को अंजाम

1 नवंबर को बीडनपुरा स्थित महालक्ष्मी ज्वैलर्स से शिकायतकर्ता 400 ग्राम सोने के आभूषण लेकर अपनी बाइक से ब्रिटानिया चौक स्थित ऑफिस जा रहे थे। बैंक स्ट्रीट, बीडनपुरा चौराहे पर तीन बदमाशों ने खुद को ट्रैफिक रेगुलेटर बताकर उनकी बाइक रुकवाई। एक ने बातों में उलझाया, दूसरे ने बाइक के पीछे टंगे बैग की चेन खोलकर ज्वेलरी निकाल ली और तीसरा कवर देता रहा। मामला थाना करोल बाग में ई-एफआईआर नं. 80094534/26 के तहत दर्ज हुआ।

सीसीटीवी से पकड़े गए आरोपी

डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह के निर्देश पर एसएचओ करोल बाग के नेतृत्व में SI अमित यादव, ASI जितेंद्र, HC अविनाश और Ct. हरिओम की टीम बनाई गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान की।

प्रशांत चौधरी एडिशनल डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि 3 नवंबर को आनंद पर्वत इलाके से दो आरोपियों को दबोचा गया, जिनकी निशानदेही पर तीसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में भरत (27) – निवासी पंजाबी बस्ती, आनंद पर्वत , कपिल उर्फ राहुल (33) – निवासी पंजाबी बस्ती, घाटी रोड, आनंद पर्वत (थाना आनंद पर्वत का बीसी है, इस पर 14 पुराने केस दर्ज है) और तीसरा काव्या आर्यन सैनी उर्फ भांजा (22) – निवासी ठाण सिंह नगर, आनंद पर्वत का ही रहने वाला है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में लोगों को निशाना बनाते थे और ट्रैफिक पुलिसकर्मी बनकर चोरी करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *