प्राचीन एतिहासिक झण्डेवाला देवी मंदिर मे वासंतिक नवरात्र महोत्सव गुरुवार 19. 03. 2026 से लेकर 27. 03. 2026 तक बड़ी धूमधाम से मनाया जायेगा। इस अवसर पर साधारणतः लाखों भक्त माँ झंडेवाली देवी जी के दर्शन करने आते हैं और अपनी व अपने परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना करते हैं । प्रत्येक नवरात्र की भांति इस बार भी मंदिर प्रशासन द्वारा भक्तों की सुविधा व सुचारू दर्शन के सभी प्रबंध किये हैं।
रानी झांसी मार्ग, देश बंधु गुप्ता मार्ग व वरूणालय की तरफ से मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश किया जा सकेगा। भक्त माँ के दर्शन कर के निकासी द्वार से बाहर निकलेंगे जहाँ उन्हे माँ के भंडारे का प्रसाद दिया जायेगा। मंदिर में किसी भी प्रकार के प्रसाद चढ़ाने की व्यवस्था नही है। कोई भक्त बाहर की कोई वस्तु लेकर न आयें ।
मंदिर के अंदर और बाहर भव्य सजावट की गई है जिसका आकर्षण देखते ही बनता है।
नवरात्र से तीन दिन पहले से अनेक स्थानों के मंदिरों से भक्तजन ज्योत लेने आते हैं। उनके ठहरने, भोजन प्रसाद आदि की सभी सुविधाएं मंदिर की ओर से प्रदान की जाती हैं।
भक्तों के अनुरोध पर खेत्री पूजन की सामग्री और अखंड ज्योत की भी व्यवस्था की गई है ।
नवरात्रो में माँ की आरती प्रात: 4.00 बजे व साँय 7.00 बजे की जाती है। सुबह से शाम तक विभिन्न कीर्तन मंडलियां भवन प्रांगण में मां का गुणगान करेंगी। सभी कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण मंदिर द्वारा यू-टयूब व फेसबुक पर किया जायेगा।
सुरक्षा के लिये मंदिर परिसर व बाहर 290 सी सी टी वी कैमर लगाये गये हैं और मंदिर के सुरक्षा कर्मी व पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।