दिल्ली के रोहिणी में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार,57 एलपीजी सिलेंडर बरामद

दिल्ली में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोहिणी इलाके में छापेमारी कर 57 अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार न रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच (एनआर-1) यूनिट को रोहिणी के राम विहार इलाके में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसीपी अशोक शर्मा की देखरेख में इंस्पेक्टर पुखराज सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।पुलिस टीम ने सेक्टर-22 रोहिणी स्थित सूरसुमन गैस एजेंसी के पास छापेमारी की, जहां लोकपाल नामक व्यक्ति को अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया गया। आरोपित की पहचान 55 वर्षीय लोकपाल के रूप में हुई है, जो बेगमपुर के राजीव नगर का रहने वाला है। पुलिस ने मौके से कुल 57 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए, जिनमें 50 भरे हुए, दो खाली और पांच में आंशिक गैस भरी हुई थी।पुलिस उपायुक्त के अनुसार इसके अलावा पुलिस ने एक टाटा पिकअप वाहन, गैस तौलने की मशीन और सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर करने के उपकरण भी जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपित अधिकृत गैस एजेंसी का डिलीवरी मैन है और उसे रोहिणी क्षेत्र में गैस वितरण की जिम्मेदारी दी गई थी।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित एजेंसी से सिलेंडर लेने के बाद उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय अपने वाहन में जमा कर लेता था। इसके बाद वह अवैध उपकरणों की मदद से भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरता था और उन्हें बाजार में ऊंचे दामों पर बेच देता था। इस तरह वह लंबे समय से कालाबाजारी कर मोटा मुनाफा कमा रहा था।पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *