नई दिल्ली। नॉर्थ-ईस्ट जिले के वेलकम थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दुष्कर्म, आपराधिक धमकी, पीछा करने और पॉक्सो एक्ट के जघन्य मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष है और वह वेलकम क्षेत्र का ही रहने वाला है।
राहुल अलवाल, आईपीएस, पुलिस उपायुक्त,उत्तर-पूर्व जिला ने बताया कि 4 अप्रैल 2026 को वेलकम थाने में 21 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता का वीडियो भी बना लिया और उसी के जरिए उसे ब्लैकमेल कर बार-बार शारीरिक शोषण किया। आरोपी ट्यूशन क्लास के दौरान भी पीड़िता का पीछा करता था और उसे व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देता था।
शिकायत के आधार पर वेलकम थाने में बीएनएस की धारा 64(2)(m), 78, 351(3) और 126(2) के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी। इसके बाद केस में पॉक्सो एक्ट की धारा-6 भी जोड़ दी गई।
लगातार फरार था आरोपी
केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर कई बार छापेमारी की। तकनीकी सर्विलांस, सीडीआर एनालिसिस, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश जारी थी। आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे और बीएनएसएस की धारा-84 के तहत उसे भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।
उत्तराखंड से हुई गिरफ्तारी
एसएचओ/वेलकम इंस्पेक्टर रूपेश कुमार खत्री के नेतृत्व और एसीपी/भजनपुरा श्री सहदेव कुमार राणा की निगरानी में हेड कॉन्स्टेबल हरेंद्र, कुलदीप, ललित, कॉन्स्टेबल लोकेश, महिला कॉन्स्टेबल शिवानी और एएसआई बिजेंद्र कुमार की टीम ने इस केस पर काम किया।
सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तराखंड के भगवानपुर इलाके में छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी गैर इरादतन हत्या और जुए के मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।