दिल्ली पुलिस की जनसुनवाई में बड़ी राहत, एक दिन में 368 शिकायतों का निपटारा

थाना दिवस – जनसुनवाई पहल को मिल रहा जनसमर्थन, वरिष्ठ अधिकारियों ने थानों में सुनी जनता की समस्याएं

नई दिल्ली, 9 अगस्त।

दिल्ली में पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए शुरू की गई ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’ पहल रंग ला रही है। दिल्ली पुलिस द्वारा शनिवार, 8 अगस्त को राजधानी के सभी थानों में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी 368 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

दिल्ली पुलिस मुख्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह पहल माननीय उपराज्यपाल, दिल्ली सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों पर जून 2026 में शुरू की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस सेवाओं तक आम नागरिक की पहुंच को आसान बनाना और जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।

पुलिस आयुक्त श्री अनुराग कुमार के नेतृत्व में इस पहल को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में कल 8 अगस्त को दिल्ली के सभी जिलों के थानों में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वयं थानों में मौजूद रहकर नागरिकों से सीधा संवाद किया। नागरिकों ने अपनी शिकायतें, सुझाव और पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दे खुलकर रखे, जिन पर अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि इस योजना के तहत हर शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी थानों में खुली जनसुनवाई की व्यवस्था की गई है। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति से न केवल शिकायतों का तेजी से समाधान हो रहा है, बल्कि पुलिस की जवाबदेही भी बढ़ रही है और आम जनता का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *