दिल्ली पुलिस को मिली सफलता, दिल्ली विधानसभा में गेट तोड़कर घुसी कार बरामद

दिल्ली पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है,दिल्ली विधानसभा में गेट तोड़कर घुसी कार को बरामद कर लिया है और कार चलाने वाले ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है।अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

दिल्ली विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई जब एक सफेद टाटा सिएरा कार ने VIP गेट तोड़कर अंदर घुस जाने की कोशिश की. यह घटना दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर हुई. कार ने मॉल रोड स्थित बंद गेट को तोड़कर VIP एंट्री से विधानसभा परिसर में दाखिल होने की कोशिश की।

कार सवार व्यक्ति स्पीकर रूम के बाहर एक गुलदस्ता रखकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया. दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए. राहत की बात यह रही कि गुलदस्ते में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और आरोपी के पास कोई खतरनाक सामान भी नहीं था।

मौके पर मौजूद दो चश्मदीदों ने बताया कि वे गेट नंबर 2 के पास खड़े थे. अचानक तेज आवाज सुनाई दी. जब उन्होंने देखा तो सफेद टाटा सिएरा कार गेट तोड़कर अंदर घुस चुकी थी. कार कुछ देर तक परिसर में घूमती रही, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

थोड़ी देर बाद कार वापस लौटी और फिर गेट को टक्कर मारते हुए तेजी से बाहर निकल गई. पूरे घटनाक्रम में तेज आवाजें सुनाई दे रही थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. पूरी घटना महज 5 मिनट के अंदर हुई।

घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार की तलाश शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान की और जल्द ही टाटा सिएरा कार को बरामद कर लिया। कार चलाने वाले ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है ।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने ऐसा क्यों किया? क्या यह जानबूझकर किया गया था या कोई अन्य वजह थी? VIP गेट पर CRPF की तैनाती के बावजूद यह चूक कैसे हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *