नई दिल्ली: कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली और प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस मध्य जिला ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं।
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को 1 नवंबर की रैली के लिए NOC जारी कर दिया है। डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि कांग्रेस ने पहले एमसीडी से मैदान की उपलब्धता का सर्टिफिकेट लिया और उसके बाद पुलिस से NOC के लिए संपर्क किया था।
पुलिस के मुताबिक मैदान की बुकिंग 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक के लिए की गई है, जबकि मुख्य रैली 1 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। यह रैली वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित गड़बड़ी और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी अभियान के तहत आयोजित की जा रही है।
सुरक्षा के लिए 250 कैमरों से निगरानी
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजवीर सिंह की जुबानी, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक प्लान तैयार किया गया है।
“मैदान और आसपास के इलाकों में निगरानी के लिए करीब 250 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, भीड़ प्रबंधन के लिए सेंट्रल जिले के अलावा अन्य जिलों से भी पुलिस बल बुलाया जा रहा है।”
खबर के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने भीड़ को संभालने और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं और करीब 250 सीसीटीवी कैमरों से मैदान और आसपास के इलाकों पर नजर रखी जाएगी।
आयोजकों को दिए निर्देश
दिल्ली पुलिस ने आयोजकों को एंट्री-एग्जिट गेट, स्टेज, बैठने की जगह और आसपास के प्रमुख स्थानों पर हाई डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शर्तों के साथ NOC जारी की गई है।
पुलिस सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि रैली की परमिशन वापस नहीं ली गई है, 1 नवंबर की NOC यथावत है।