नई दिल्ली, 24 अक्टूबर 2026
मध्य जिला के थाना हौज काजी पुलिस ने लूट की वारदात का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 22 अक्टूबर को शिकायतकर्ता ने 1200 रुपये की लूट की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोपी ने चाकू दिखाकर वारदात को अंजाम दिया था। इस पर थाना हौज काजी में FIR No. 428/2026, धारा 309(4), 309(6) व 35 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के लिए पुलिस चौकी हिम्मतगढ़ की टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को आसफ अली रोड पर हमदर्द गोल चक्कर के पास से पीछा कर दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी –
शिवा खन्ना उर्फ शिवा (32), निवासी हिम्मतगढ़, सीताराम बाजार, दिल्ली। यह थाना हौज काजी का सक्रिय BC (Bad Character) है। इसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू और लूटी गई रकम में से 800 रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पर पहले से 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के मामले भी शामिल हैं।
पुलिस टीम –
SI राजेश्वर (I/C PP हिम्मतगढ़), ASI वीरेंद्र, हेड कांस्टेबल मनोज, कांस्टेबल जसवंत और कांस्टेबल विनोद। पूरी कार्रवाई SHO थाना हौज काजी के नेतृत्व और ACP कमला मार्केट के निर्देशन में की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।